कटघर थानाक्षेत्र में रहने वाली नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म की वारदात में पुलिस ने 161 के बयान दर्ज किए हैं। जिसमें छात्रा ने बताया कि 22 दिसंबर की रात को हेड कांस्टेबल के बेटे सहित पांचों आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। इस मामले में आरोपी हेड कांस्टेबल के बेटे सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस जेल भेज चुकी है, पांचवां आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से दूर है।
छात्रा ने पुलिस को बताया कि 22 दिसंबर को वह गुलाबबाड़ी गई थी। उसे पुराना जानकार रचित मिला, जो बाइक पर बैठाकर रामगंगा पुल की ओर ले गया। वहां रचित ने छात्रा को अपने दोस्त मोनू (हेड कांस्टेबल का बेटा), शिवांक, अरविंद और कोसिंदर की मदद से जबरन कार में बैठा लिया और शराब पिलाई। आरोप है कि शराब पिलाने के बाद कार को वह पांचों लोग भगतपुर में ले गए। जो कि रचित की दादी का घर है। जहां उससे सामूहिक दुष्कर्म किया। रिपोर्ट में युवती ने रचित और मोनू ने सामूहिक दुष्कर्म का आरोपी बताया था। सीओ कटघर सुदेश गुप्ता ने बताया कि 161 के बयान में छात्रा ने पांचों आरोपियों को सामूहिक दुष्कर्म का आरोपी बताया है। जिसके बाद पुलिस रिकार्ड में पांचों आरोपियों को सामूहिक दुष्कर्म का आरोपी बनाया गया है। इस मामले में वांछित पांचवां आरोपी शिवांक पुलिस गिरफ्त से दूर है, उसकी तलाश में टीमें लगी हैं।