बिलारी। मंगलवार की सुबह से नगर क्षेत्र में कोतवाली पुलिस द्वारा गठित किया गया एंटी रोमियो दल सक्रिय हो गया है। सुबह से ही दल के सदस्यों ने नगर में चिन्हित स्थानों पर भ्रमण किया और जहां तहां खड़े संदिग्ध युवकों और बाइक सवारों पर सख्ती करते हुए खदेड़ दिया। मंगलवार की दोपहर नगर में शाहबाद रोड स्थित इंटर कालेज में छुट्टी होने पर जैसे ही छात्राएं कालेज के बाहर निकलीं तभी सादा कपड़ों में एंटीरोमियो दल प्रभारी महिला दारोगा चंद्रवती और महिला सिपाही रूबी चौधरी रास्ते के एक ओर खड़ी हो गईं। इस दौरान महिला पुलिस कर्मियों ने सड़क किनारे खड़े कई मनचलों को पकड़कर पूछताछ के बाद चेतावनी देकर छोड़ा। बाद में कालेज को जाने वाले रास्ते पर खड़े मिले दो बाइक सवारों से भी एंटी रोमियो दल ने सख्ती से पूछताछ की और उन्हें दोबारा कालेज के रास्ते पर खड़े न होने की हिदायत देते हुए दौड़ दिया। एंटी रोमियो दल ने कालेज की छात्राओं को आते जाते समय उनकी सुरक्षा को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त किया।