गन्ना भुगतान की मांग को लेकर रेलवे ट्रैक पर कब्जा करने वालों के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। एक मुकदमा जीआरपी थाने में दर्ज किया गया है, जबकि दूसरा मुकदमा आरपीएफ की ओर से कराया गया है। जीआरपी और आरपीएफ ने मौके की वीडियोग्राफी कराई थी। जिसके जरिये ट्रैक जाम करने वालों की पहचान की जा रही है। रेलवे एक्ट, ट्रैक जाम करने, ट्रेनों का संचालन बाधित आम जन की परेशानियां बढ़ाने के आरोप हैं।
भारतीय किसान यूनियन (असली) के नेतृत्व में मंगलवार को किसानों ने बकाया गन्ना भुगतान की मांग को लेकर अगवानपुर में मुरादाबाद सहारनपुर रेल मार्ग को जाम किया। पौने तीन बजे से लेकर शाम साढे़ पांच बजे तक किसान ट्रैक पर जमा रहे। इस दौरान पांच मालगाड़ियाें को जहां तहां रोकना पड़ा था। इस बार उन्हें हटाने का प्रयास किया गया। लेकिन किसान नहीं हटे थे। जीआरपी थाने के इंस्पेक्टर पंकज पंत ने बताया कि तीन घंटे तक ट्रैक जाम किया था। जिससे ट्रेनों का संचालन बाधित हुआ। इस मामले में दौ सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मौके पर वीडियोग्राफी की गई थी। जिसके जरिये जाम लगाने वालों की पहचान की जाएगी। आरपीएफ के इंस्पेक्टर बीएस यादव ने बताया कि रेलवे एक्ट में ट्रैक जाम करने वालों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।