मुरादाबाद। अदालत ने एसओजी के पूर्व प्रभारी को व्यक्तिगत रूप से हाजिर होने का आदेश दिए हैं। सिविल लाइन स्थित आदर्श कॉलोनी निवासी महिला पूजा ने अदालत में वाहन रिलीज का प्रार्थना पत्र देते हुए मुरादाबाद में एसओजी के पूर्व प्रभारी रहे अजयपाल पर आरोप लगाया कि 10 अक्तूबर को पीड़िता के पति को पूछते हुए आए और उसकी मोटरसाइकिल का ताला तोड़कर ले गए। पीड़ित महिला सिविल लाइंस थाने भी गई, लेकिन मोटरसाइकिल वहां नहीं थी। वाहन रिलीज कराने के लिए महिला ने अपने अधिवक्ता आनंद मोहन गुप्ता के माध्यम से अदालत में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। उक्त मामले की सुनवाई मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विमल वर्मा की अदालत में की गई, जिसमें एसओजी प्रभारी से आख्या तलब की थी, लेकिन उनकी ओर से न तो कोई आख्या प्रस्तुत की गई न ही वह अदालत में पेश हुए। अदालत ने गुरुवार को एसओजी प्रभारी अजयपाल को 22 नवंबर को व्यक्तिगत रूप से अदालत में हाजिर होने के आदेश दिए हैं।