गर्मियों की छुट्टियों के बाद मंगलवार को बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय स्कूल खुल जाएंगे। हालांकि विद्यार्थी 28 जून से स्कूल आना शुरू करेंगे। बीएसए का कहना है कि विद्यार्थियों के आने के बाद ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज की जाएगी। इसके लिए जिले में 2258 टेबलेट और सिम वितरित किए गए हैं।
जिले के 1404 विद्यालयों में लगभग एक लाख 85 हजार विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। गर्मियों की छुट्टियों के बाद मंगलवार से शिक्षकों को विद्यालय जाने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षक तीन दिन तक स्कूल परिसर की साफ सफाई, कमरे, दीवार, खिड़की, फर्नीचर आदि की सफाई करवाएंगे। इसके अलावा भंडार कक्ष, पानी की टंकी, किचन, वाशरूम, प्रयोगशाला और पुस्तकालयों की भी सफाई करवाई जाएगी। 28 जून को विद्यार्थियों के स्कूल आने पर विद्यालय को रंगोली, गुब्बारों आदि से सजाया जाएगा और बच्चों का रोली-टीका लगाकर स्वागत किया जाएगा। उन्हें मध्याह्न भोजन में खीर, हलवा आदि बनाकर खिलाया जाएगा।
28 से लगेगी ऑनलाइन उपस्थिति
नए सत्र में शासन ने ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रेरणा पोर्टल पर डिजिटल रजिस्टर्स के नाम से नया मॉड्यूल तैयार किया गया है। छात्र उपस्थिति पंजिका, एमडीएम पंजिका को डिजिटल रूप में करते हुए सूचना पोर्टल पर दर्ज की जाएगी। 28 जून को विद्यार्थियों के आने के बाद ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करवाई जाएगी।
दो दिन लगेगा समर कैंप
स्कूलों में 28 और 29 जून को सुबह साढ़े सात बजे से दस बजे तक स्कूल संचालित किया जाएगा। इस दौरान विद्यालय स्तर पर समर कैंप लगेगा। एक जुलाई से स्कूल सुबह आठ बजे से दो बजे तक संचालित होगा।
- 2258 टेबलेट सभी ब्लॉक में पहुंच गए हैं। मंगलवार से इन्हें विद्यालय स्तर पर वितरित कर दिया जाएगा। 28 जून से 15 जुलाई तक स्कूल चलो अभियान चलाया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों की नामांकन संख्या में बढ़ोतरी की जा सके।-डॉ. अजीत कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी