मुरादाबाद। मझोला के लाकड़ी फाजलपुर रोड स्थित वीनस गिफ्ट फैक्टरी की पिछली दीवार काटकर चोरों ने करीब 25 लाख रुपये की कीमत का कॉपर चोरी कर लिया। बृहस्पतिवार सुबह गार्डों ने दीवार कटी देखी तो मैनेजर और मालिक को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
आजाद नगर टीपी नगर निवासी मोहम्मद शकील की लाकड़ी फाजलपुर रोड पर चौहानों वाली मिलक के पास वीनस गिफ्ट नाम से फैक्टरी है। बुधवार रात फैक्टरी बंद करने के बाद कर्मचारी चले गए थे। गेट पर चार गार्डों की ड्यूटी लगी थी। रात में किसी समय चोरों ने फैक्टरी की पिछली दीवार काट ली और अंदर घुस गए। चोर यहां से करीब 25 लाख रुपये की कीमत कॉपर का सामान चोरी कर भाग गए। बृहस्पतिवार सुबह गार्ड फैक्टरी के पीछे गश्त करने पहुंचे तो उन्होंने दीवार कटी देखी तो घटना की जानकारी हो पाई। सूचना मिलने पर मालिक मोहम्मद शकील और मैनेजर कपिल कुमार मौके पर पहुंच गए। सीओ सिविल लाइंस अनूप सिंह और मझोला थाना प्रभारी धनंजय सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने कर्मचारियों से पूछताछ की। सीओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है।