चीन से क्रिस्टल और एलईडी लेकर मुरादाबाद आ रहे कई कंटेनर चीन में ही पोर्ट पर फंस गए हैं। कोरोनावायरस की वजह से चीन ने 17 फरवरी तक शिपमेंट पर रोक लगा दी है। चीन में इस दौरान सभी फैक्टरी भी बंद रहेंगी।
चीन के क्रिस्टल और एलईडी को मुरादाबाद के हस्तशिल्प उद्योग में कच्चे माल की तरह इस्तेमाल किया जाता है। निर्यातकों को डर है कि यदि समय से कच्चा माल नहीं मिला तो वह अपने कारोबारी आदेशों को समय से डिलीवर नहीं कर पाएंगे।
मुरादाबाद हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नवेद उर रहमान ने बताया कि वह अपने उत्पादों में चीन की एलईडी का इस्तेमाल करते हैं। फरवरी के पहले सप्ताह में उनकी शिपमेंट चीन से आनी थी। लेकिन कोरोना वायरस की वजह से चीन में फैक्टरी बंद हो गईं।
पोर्ट पर भी काम बंद है। ऐसे में उनका कंटेनर पोर्ट पर ही फंस गया है। नवेद ने बताया कि जो कंटेनर कुछ और सामान लेकर आते वह भी लेट होंगे। क्योंकि चीन के निर्यातक ने उन्हें मेल करके सूचना दी है कि वहां की सरकार ने कम से कम 17 फरवरी तक फैक्टरी बंद रखने का आदेश दिया है।
इसके बाद यदि फैक्टरी खुलती भी है तो भी माल तैयार होने में वक्त लगेगा। इसी तरह मुरादाबाद के कई निर्यातक हैं जो चीन से क्रिस्टल, एलईडी, कांच का आयात करते हैं। नवेद का कहना है कि कच्चा माल नहीं मिला तो वह समय से अपने उत्पाद तैयार नहीं कर पाएंगे।
यदि चीन में कोरोना वायरस का कहर बढ़ा तो मुरादाबाद के निर्यातकों को भी कच्चे माल के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। नतीजतन अपने बायर्स को समय से डिलीवरी देना मुश्किल हो जाएगा।