एमडीए के प्रवर्तन दल ने कटघर थाना क्षेत्र में पूर्व में अवैध निर्माण पर सील किए गए भवन की सील तोड़ निर्माण करा रहे भवन को फिर से सील कर दिया है। साथ ही आरोपी भवन स्वामी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की तहरीर कटघर पुलिस को भेजी है। इसके अलावा थाना क्षेत्र के जामा मस्जिद क्षेत्र में एक अन्य अवैध निर्माण को भी सील कर दिया है।
एमडी की प्रवर्तन दल टीम सहायक अभियंता केएन जगूड़ी की अगुवाई में कटघर थाना क्षेत्र में पहुंची। जेई तेजवीर सिंह ने बताया कि बरबलान क्षेत्र में शाहिद द्वारा 200 वर्ग मीटर क्षेत्र में बिना नक्शा पास कराए भवन निर्माण कराया जा रहा था। जिसे सील कर दिया गया है।
इसके अलावा ताजपुर रोड पर साबरी बारातघर के सामने हैदर व डॉ. नईम द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा था। जबकि इस भवन को पूर्व में बिना नक्शा पास कराए निर्माण कराने के मामले में 21 अप्रैल 2022 को सील कर दिया गया था। साथ ही निर्माण न करने की भी हिदायत दी गई थी। लेकिन आरोपियों ने सील तोड़ दोबारा निर्माण शुरू करा दिया था। इसे गंभीरता से लेते हुए दोबारा भवन को सील कर दिया गया है। साथ ही आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए सचिव एमडीए की तरफ से थाना कटघर को पत्र भेजा जा रहा है।