बिलारी। तहसील बार एसोसिएशन का एक प्रतिनिधि मंडल मंगलवार दोपहर थाने पहुंचकर प्रभारी उदय प्रताप सिंह से मिला और वकीलों की समस्याएं बताईं। इस दौरान तहसील परिसर में वकीलों के चेंबर वाले इलाके में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाने पर सहमति बनी। बैठक में बार एसोसिएशन पदाधिकारियों ने तहसील बार के दो अन्य पदाधिकारियों के खिलाफ शिकायती पत्र मामले में थाना प्रभारी को पूरी जानकारी दी। इस दौरान पूर्व में तहसील कार्यालय के बाहर गेट के निकट से कुछ बाइकें अज्ञात लोगों द्वारा चोरी कर लिए जाने की समस्या भी बताई गई। बार पदाधिकारियों ने कहा कि तहसील परिसर में उनके चेंबरों के सामने वादकारियों द्वारा बेतरतीव दोपहिया वाहन खड़े किए जाने से पैदल निकलने में काफी दिक्कत होती है। थाना प्रभारी ने बार पदाधिकारियों को सुझाव दिया कि तहसील परिसर में चेंबरों के इलाके में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं। थाना प्रभारी से मिलने वालों में तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चौधरी विनय कुमार सिंह, महासचिव सुनील कुमार, पूर्व अध्यक्ष भगवान सरन माथुर, पूर्व सचिव चौधरी अनोद कुमार आदि बार पदाधिकारी मुख्य थे।