कांग्रेस आज जारी करेगी पहली सूची : नसीमुद्दीन
- प्रांतीय अध्यक्ष (पश्चिमी उत्तर प्रदेश) एवं पूर्व मंत्री ने मुरादाबाद पहुंच टटोली कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों की नब्ज
- बोले-पार्टी फाइनल कर चुकी है मेयर पद समेत करीब 65 वार्डों के प्रत्याशी
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। पार्टी प्रत्याशियों की सूची जारी करने से पहले प्रांतीय अध्यक्ष (पश्चिमी उत्तर प्रदेश) एवं पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने बृहस्पतिवार यहां पहुंच कर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोली। बाद में पत्रकारों से कहा कि जिन निकायों में पहले चरण में चुनाव होने हैं उनके प्रत्याशियों की सूची पार्टी फाइनल कर चुकी है। सिर्फ घोषणा बाकी है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को पहली सूची जारी कर दी जाएगी। शनिवार तक अधिकांश प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी।
करीब 12 बजे नसीमुद्दीन सिद्दीकी कलक्ट्रेट के निकट स्थित एक बारात घर में पहुंचे। उन्होंने मंडल के सभी जिला व महानगर अध्यक्षों के साथ बैठक की। इस मौके पर टिकट के लिए आवेदन करने वालों ने भी उनसे मुलाकात की। नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने इस मौके पर तमाम पुराने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की और उनसे आवेदकों के संबंध में अंतिम फीडबैक भी लिया। बाद में उन्होंने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि मुरादाबाद समेत पश्चिमी यूपी में जहां भी पहले चरण में निकाय चुनाव होने हैं वहां के मेयर, चेयरमैन समेत अधिकांश पार्षद और सभासद पद के प्रत्याशियों का टिकट भी पार्टी की प्रांतीय टीम फाइनल कर चुकी है। नाम की सिर्फ घोषणा बाकी है। उन्होंने बताया कि मुरादाबाद में भी मेयर और करीब 65 वार्डों के प्रत्याशियों का चयन किया जा चुका है। शुक्रवार को पहली और शनिवार को दूसरी सूची जारी कर दी जाएगी।
इस मौके पर प्रदेश सचिव एवं जिला प्रभारी सुखराज सिंह, जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद, शहर अध्यक्ष अनुभव मेहरोत्रा, पूर्व विधायक फूल कुंवर, पूर्व विधायक इकराम कुरैशी, रिजवान कुरैशी, अहमद खां, देशराज शर्मा, असद मोलाई, राजेंद्र वाल्मीकि, अनूप दुबे, सारस्वत सोनी, आनंद मोहन गुप्ता, अनुराग शर्मा, अरशद एडवोकेट, विनोद गुंबर समेत कई वरिष्ठ कांग्रेसी मौजूद रहे।
00
जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी को दे गए सिंबल
जिले के निकायों में कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों का सिंबल जिलाध्यक्ष के हस्ताक्षर से जारी होगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पार्टी प्रदेश अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने यहां पहुंच कर पार्टी की ओर से जिलाध्यक्ष को अधिकृत करने वाला यह पत्र डीएम को भेज दिया है। इसके साथ जिलाध्यक्ष को जिले की नगर पालिका व नगर निकायों के पार्षद पद के प्रत्याशियों के लिए 200 पार्टी सिंबल भी दे गए। नगर निगम के 70 वार्डों का सिंबल पार्टी के प्रदेश सचिव एवं जिला प्रभारी सुखराज सिंह को सौंपा है। इस मौके पर नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि पार्टी जिसे अपना प्रत्याशी घोषित करेगी उसे वह लोग सिंबल देंगे। जिलाध्यक्ष उस पर अपना हस्ताक्षर करेंगे। जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद ने भी इसकी पुष्टि की।
000
इमरान प्रतापगढ़ी के करीबी का टिकट फाइनल होने की रही चर्चा
कांग्रेस ने भले ही यहां मेयर पद के प्रत्याशी की कोई घोषणा नहीं की है, लेकिन नसीमुद्दीन के यहां आने के मौके पर जुटे कांग्रेसियों में कांग्रेस के राज्य सभा सदस्य इमरान प्रतापगढ़ी के एक करीबी कार्यकर्ता का टिकट फाइनल होने की चर्चा होती रही। यही नहीं पार्टी के कई कार्यकर्ता तो संबंधित के साथ फोटो भी खिंचवाते देखे गए। हालांकि नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने सभी से यही कहा कि मेयर पद के प्रत्याशी का चयन किया जा चुका है, लेकिन पार्टी इसकी घोषणा एक-दो दिन में करेगी।