मुरादाबाद। त्योहारों पर घर जाने के लिए ट्रेनों में कन्फर्म टिकट न मिलने से परेशान हैं। इन यात्रियों की परेशानी का समाधान मुरादाबाद से होकर गुजरने वाली 10 ट्रेनों में हैं। इन ट्रेनों में गोरखपुर, बनारस समेत पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों को जाने के लिए सीटें उपलब्ध हैं। साथ ही दिल्ली, जम्मू के लिए भी कुछ ट्रेनों में विकल्प हैं।
दीपावली और छठ पूजा के लिए ज्यादातर भीड़ बिहार जाने वाले लोगों की है। रेलवे की रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली, पंजाब से भारी संख्या में यात्री उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के लिए सफर कर रहे हैं। ऐसे में स्पेशल ट्रेनों में अनारक्षित कोचों की व्यवस्था भी की गई है। सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। 15 नवंबर तक कई स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। इनमें बुकिंग शुरू हो चुकी है, यात्री अपनी सुविधा के अनुसार आरक्षण करा सकते हैं।