मुरादाबाद। मुगलपुरा के पान दरीबा कंबल का ताजिया मोहल्ले में सोमवार सुबह कबाड़ की दुकान में खराब फ्रिज को तोड़ते समय कंप्रेशर फट गया। जिसकी चपेट में आकर कबाड़ी की मौत हो गई। उसके शरीर में कई जगह टूटे कंप्रेशर के टुकड़े घुस गए थे। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के ही शव को सुपुर्दे खाक दिया।
मुगलपुरा थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पान दरीबा कंबल का ताजिया मोहल्ला निवासी कामिल (39) पुत्र मोहम्मद जान की मोहल्ले में ही कबाड़ की दुकान है। बताया जा रहा है कि कामिल सोमवार सुबह लगभग 11 बजे दुकान पर बैठा था। इसी दौरान एक युवक पुराना फ्रिज बेचने आया। कामिल ने कबाड़ में फ्रिज खरीद लिया और उसे तोड़ने लगाया। फ्रिज तोड़ते समय उसका कंप्रेशर फट गया। जिसकी चपेट में आकर कामिल गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज आवाज के साथ कंप्रेशर फटा तो आस पड़ोस के लोग भी अपने घरों से बाहर निकल आ गए। कुछ ही देर में परिजन भी आ गए। परिजन उसे लेकर निजी चिकित्सक के पास पहुंचे, लेकिन उसकी सांसें थम चुकी थीं। कामिल के चार बड़े भाई साबिर, आलम, सलीम और फाजिल हैं। बताया जा रहा है कि छह साल पहले कामिल की शादी हुई थी। उसकी दो बेटियां और एक बेटा है।
थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि कामिल रोजा रखे हुए था। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।