मुरादाबाद। संभल जनपद के एक गांव की महिला ने डीआईजी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि जंगल में उसके साथ तीन लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला ने इस मामले की शिकायत गुन्नौर थाने में की, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। डीआईजी ने मामले की जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
संभल के गुन्नौर थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि 13 जुलाई को वह खेत पर गई थी। इसी दौरान गांव तीन लोग आ गए। उन्होंने महिला को तमंचे के बल पर अपने वश में कर लिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी पीड़ित को जान से मारने की धमकी देकर चले गए। पीड़ित ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत गुन्नौर थाने में की, लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। थाने में सुनवाई नहीं होने पर महिला ने डीआईजी शलभ माथुर को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। डीआईजी शलभ माथुर ने गुन्नौर सीओ को मामले की जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।