शिक्षा के उद्देश्य से कुंदरकी में बीआरसी केंद्र पर चल रहे बुनियादी भाषा एवं संख्या ज्ञान (एफएलएन) एवं एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तक आधारित प्रशिक्षण में एसडीएम विनय कुमार सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रतिभागियों एवं प्रशिक्षण प्रदान कर रहे संदर्भदाताओं से संवाद स्थापित कर प्रशिक्षण की आवश्यकता, उद्देश्य एवं गुणवत्ता की जानकारी प्राप्त की। एसडीएम को बीईओ त्रिलोकी नाथ ने बताया कि गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी प्राथमिक विद्यालयों के प्रत्येक शिक्षक एवं शिक्षा मित्र के लिए यह प्रशिक्षण अनिवार्य है। प्रशिक्षण में संदर्भदाताओं द्वारा कक्षा-3 की नई पुस्तकें नवरंग, वीणा, गणित मेला, संतूर आदि के साथ-साथ बच्चों में मौखिक तर्कशीलता विकसित करने, ब्लेंडिंग एवं ग्रेड के उपयोग, रेमेडियल शिक्षण योजना, समावेशी शिक्षा, निपुण भारत मिशन 2025-26 की रणनीति, गणित का प्रभावी शिक्षण, शिक्षक संदर्शिका का प्रयोग, कक्षा 4 एवं 5 का दिवसवार पाठ्यक्रम विभाजन तथा इंडियन नॉलिज सिस्टम पर विस्तार से बताया। एसडीएम ने कहा कि शिक्षकों की प्रतिबद्धता ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है। अंत में उन्होंने सभी को विद्यालयों में पूर्ण मनोयोग से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी त्रिलोकी नाथ, संदर्भदाता गजराज सिंह, जयकुमार, विजय शंकर, विपेन्द्र कुमार, पारुल राजपूत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।