बिलारी। क्षेत्र के राजकीय हाईस्कूल और राजकीय इंटर कॉलेजों में आउटसोर्सिंग और संविदा कर्मियों ने शुक्रवार दोपहर सपा कैंप कार्यालय एमआई हाउस पहुंचकर स्थानीय सपा विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान को अपना मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में कहा गया कि प्रदेश स्तर पर आउटसोर्सिंग सेवा निगम का गठन किया जाए तथा आउटसोर्सिंग कर्मियों को 60 वर्ष की आयु तक नौकरी दी जाए। आउटसोर्सिंग व्यवस्था में ठेकेदारी प्रथा समाप्त कर कर्मचारियों का भुगतान सीधे निगम या विभाग द्वारा किया जाए। समान कार्य के लिए समान वेतन की व्यवस्था लागू की जाए। आउटसोर्सिंग कर्मियों और संविदा कर्मियों को इपीएफ बोनस, अवकाश और चिकित्सा सुविधा दिलाई जाए तथा लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों को अनुभव और सेवा अवधि के आधार पर नियमितीकरण का लाभ दिया जाए। विधायक को मांग पत्र सौंपने वालों में गौरव, पुष्पेंद्र,मुकेश, मनवीर, अरुण, प्रहलाद, नागेंद्र, पूनम और प्रिया भारती आदि मुख्य थे। विधायक फहीम इरफान ने संविदा कर्मियों को उनकी सभी मांगें पूरा कराने के लिए प्रदेश विधानसभा सत्र में समस्या उठाने का आश्वासन दिया।