मुरादाबाद। अधिकतम पारे बाद अब न्यूनतम पारा भी और नीचे खिसक गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। बृहस्पतिवार को सीजन की सबसे ठंडी रात रही। तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस था। दो दिन बाद सूरज ने झलक दिखी, लेकिन धूप में तपिश नहीं होने की वजह से लोग गलन और ठिठुरन से परेशान रहे। मौसम विज्ञान विभाग ने 11 जनवरी तक कड़ाके की ठंड अनुमान व्यक्त किया है।
शुक्रवार सुबह कोहरा जल्दी छंट गया था, लेकिन वातावरण में गलन बनी हुई थी। इसकी वजह से लोग जरूरी कार्य होने पर ही घर से बाहर निकले। समय बढ़ने के बावजूद गलन और ठिठुरन कम नहीं हुई। हालांकि दो दिन बाद शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे सूरज की किरणें नजर आईं। शीतलहर का प्रकोप ज्यादा होने की वजह से धूप में तपिश नहीं थी। राहत पाने की आस में छतों पर या पार्कों में धूप सेंकने के लिए निकलने लोग गलन से परेशान रहे। इसके बाद वह फिर रजाई या कंबल में छिपकर ठंड से बचने की कोशिश में रहे। शाम को पार्कों में खेलने के लिए बच्चे निकले। पर शाम पांच बजते-बजते फिर से सन्नाटा होने लगा। कॉलोनियों में, बाजारों में या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लोग अलाव जलाकर तापते नजर आए।
मौसम विज्ञान विभाग के डाटा संग्रह केंद्र के अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में शुक्रवार को अधिकतम तापमान में .5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम में .4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। सुबह वातावरण में नमी 97 फीसदी थी, जो शाम को 87 फीसदी दर्ज की गई।