मुरादाबाद। डेंगू के सीजन में दो माह में लोग पांच करोड़ रुपये का नारियल पानी पी गए हैं। तेज बुखार और कम होती प्लेटलेट्स के बीच कमजोरी के कारण डॉक्टर मरीजों को नारियल पानी पीने का सुझाव दे रहे हैं। डेंगू के कारण शरीर में पानी की कमी दूर करने के लिए भी नारियल पानी बेहतर विकल्प है। इसके अलावा यूरोलॉजी के डॉक्टर भी अपने मरीजों को इन्फेक्शन में नारियल पानी पीने की सलाह दे रहे हैं।
नतीजतन शहर में फुटकर विक्रेताओं के यहां औसतन 400 पीस हर दिन बिक रहे हैं। शहर में पहले सिर्फ दो या तीन स्थानों पर नारियल की बिक्री होती थी, लेकिन बढ़ती मांग के बीच यह कई लोगों का रोजगार बन गया है। अब मुख्यत: 20 स्थानों पर नारियल पानी बेचा जा रहा है। इनमें से चार दुकानें दिल्ली रोड पर हैं। दो दुकानें मानसरोवर कॉलोनी में हैं। इसके अलावा शहर के विभिन्न इलाकों में लोग नारियल पानी बेच रहे हैं। विक्रेताओं का कहना है कि बिक्री को देखते हुए दूसरे राज्यों से ट्रक मंडी में आते हैं।
यहां से फुटकर विक्रेता नारियल खरीदते हैं और अपनी दुकानों पर ले जाकर बेचते हैं। फल मंडी एसोसिएशन के अध्यक्ष हाजी जिकरान ने बताया कि पहले एक ट्रक आता था, अब मंडी में चार ट्रक आते हैं। बंगलुरू, कोलकाता, कर्नाटक, केरल से यह माल आता है। थोक दामों में एक नारियल की कीमत औसत 45 से 50 रुपये आती है। फुटकर में यह नारियल 60 रुपये प्रति पीस बेचा जाता है। दो माह में करीब पांच करोड़ रुपये का नारियल बिका है।