सिविल लाइंस के रामगंगा विहार में मकान के बाहर कार खड़ी करने के विवाद में कोचिंग सेंटर संचालक शिवेंद्र जैन के साथ एक व्यक्ति ने मारपीट कर दी। आरोप है कि बाद में आरोपी ने उन्हें व्हाट्सएप मैसेज भेजकर धमकी दी और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया।
रामगंगा विहार निवासी शिवेंद्र जैन ने बताया कि वह कोचिंग सेंटर चलाते हैं। इसके अलावा वह मुरादाबाद ड्रीम फाउंडेशन के अध्यक्ष भी हैं। 25 जनवरी की रात करीब नौ बजे अपनी ससुराल में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। ससुराल के पड़ोस में रहने वाले नवीन प्रभाकर ने कार खड़ी करने को लेकर विवाद शुरू कर दिया। उसके साथ दो अन्य लोग भी मौजूद थे। नवीन प्रभाकर उसके साथियों ने शिवेंद्र जैन के साथ गाली गलौज की। उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर दी। किसी तरह रिश्तेदारों ने शिवेंद्र जैन को बचाया। 26 जनवरी को आरोपी नवीन ने शिवेंद्र के मोबाइल पर व्हाट्सएस पर अभद्रता की और धमकाया। एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि तहरीर के आधा पर केस दर्ज किया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।