मुरादाबाद। शनिवार दोपहर में हुई झमाझम बारिश से शहर जलमग्न हो गया। बारिश से पहले नगर निगम द्वारा करीब एक करोड़ रुपये खर्च कर शहर के नालों की सफाई की दावे किए गए थे, लेकिन झमाझम बारिश में उफनाते नालों और तालाब बनीं सड़कों ने इन दावों की पोल खोल दी। लाइनपार रामलीला ग्राउंड व उसके आसपास का क्षेत्र स्वीमिंग पूल बन गया।
शनिवार सुबह से ही काले बादल छाए रहे। दोपहर बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश का सिलसिला रात तक जारी रहा। शहर के स्टेशन रोड पर निकास के अभाव में बारिश का पानी सड़क पर भरने तथा सड़क के जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने के कारण वहां जाम की स्थिति बनी रही। लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हुई।
सबसे बुरा हाल कांठ रोड का रहा। जल निगम द्वारा यहां पीएसी तिराहा से भटावली तक सीवरलाइन डालने के बाद मिट्टी पाटकर छोड़ दी गई है। यहां पीडब्ल्यूडी द्वारा क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत न कराए जाने से सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। बारिश के कारण इस मार्ग पर कई जगह सड़क बैठ गई है तो कई जगह गड्ढे बन गए हैं।
वहां जलभराव व कीचड़ के कारण कई बार वाहन फंसे। इसके कारण घंटों जाम लगा रहा। बारिश के बीच जाम खुलवाने में ट्रैफिक पुलिस को भी खासी मशक्कत करनी पड़ी। इस मार्ग पर शाम तक जाम की स्थिति बनी रही। जीएमडी रोड स्थित कुछ दुकानों व मोहल्ला बारादरी के कुछ घरों तक में बारिश का पानी पहुंच गया। इसके कारण लोगों को काफी परेशानी हुई।
000
स्मार्ट रोड सोनकपुर, जीएमडी व जेल रोड भी बनी तालाब
स्मार्ट सिटी के स्मार्ट रोड नेटवर्क के तहत विकसित की गई सोनकपुर स्टेडियम रोड, जेल रोड व जीएमडी रोड पर भी दो फीट तक पानी भर गया। सोनकपुर स्टेडियम रोड पर स्कूली बच्चों समेत लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हुई।
000
इन मोहल्लों की सड़कें भी डूबीं
शहर की पॉश कॉलोनी डीडीआई सिटी, रामगंगा विहार, आशियाना, बुद्धि विहार, मानसरोवर के अलावा झब्बू का नाला, बारादरी रोड, बंगलागांव, पैपटपुरा, जयंतीपुर, रामतलैया, सरस्वती विहार, किसरौल, करूला आदि कॉलोनी के मार्ग भी जलभराव के कारण तालाब बन गए। इसके कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हुई।
000
नगर आयुक्त ने बारिश के बीच लिया स्थिति का जायजा
नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने बारिश के कारण शहर के विभिन्न स्थानों पर हुए जलभराव की स्थिति का रात सात बजे निगम की टीम के साथ जायजा लिया। उन्होंने पुराना रोडवेज बस स्टैंड पहुंच कर वहां प्रमुख नाले से जल निकासी का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने स्टेशन रोड, जेल रोड आदि पर भी जलभराव की स्थिति देखी। इस दौरान उन्होंने मुख्य अभियंता दिनेश चंद्र सचान व उनकी टीम को शहर के सभी प्रमुख मार्गों पर जल निकासी के लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। नगर निगम की टीम भी शहर के विभिन्न स्थानों पर नाली, नाले में फंसे कबाड़, पॉलिथीन आदि को निकालने में जुटी रही।
000
आज बढ़ सकता है रामगंगा का जलस्तर
बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता ने बताया कि शुक्रवार बारिश बहुत कम होने के कारण पिछले 24 घंटे में नदी का जलस्तर 53 सेंटीमीटर घट कर 188.44 मीटर हो गया है। शुक्रवार सुबह आठ बजे यह जलस्तर 188.97 मीटर था। उन्होंने बताया कि शनिवार को तेज बारिश हुई। इसके कारण रविवार को रामगंगा का जलस्तर बढ़ सकता है, लेकिन बाढ़ नहीं आएगी।
-
जल निकासी के लिए कई जगह लगाना पड़ा मडपंप
बारिश के बद हुए जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम की टीम को मोहल्ला शिव नगर, लाइनपार जाहिद नगर में मडपंप लगाना पड़ा। वहीं भोलानाथ कॉलोनी में कई जगह मिट्टी व रेत भरी बोरियां लगाई गईं। बुधबाजार क्षेत्र में सड़क पर पड़ा मलबा आदि उठाया। रामगंगा विहार व अन्य क्षेत्र में वर्षा के दौरान सड़क पर हुए गड्ढों को भरवाया गया।
-