नगर पंचायत में सफाई व्यवस्था ठप पड़ गई है। कस्बे में न कूड़ा उठाने वाली गाड़ी घूम रही है और न ही सफाई कर्मी नजर आ रहे हैं। जबकि नगर पंचायत में तमाम सफाई कर्मी स्वच्छता व्यवस्था के लिए ही नियुक्त किए गए हैं। इसके बावजूद लोगों को खुद नालों की सफाई करनी पड़ रहीं है।
ठप पड़ी सफाई की व्यवस्था से लोग बेहद परेशान हैं। सोमवार को डीएम से मिलकर इस मामले की शिकायत करने की ठान चुके हैं। मोहल्ला कुरैशियान, मोहल्ला ढाप, ततारपुर, नियारियान, बाईपास, सैफियान आदि में साफ सफाई की व्यवस्था पिछले सप्ताह से ठप पड़ी है। सफाई कर्मियों के नहीं आने से जगह जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। यहां बहेलिया समाज के परिवार रहते हैं। बहेलिया समाज के अध्यक्ष सुंदर लाल ने बताया कि वह अगवानपुर में 40 वर्षों से रह रहे हैं। उनके परिवारों में 150 लोग हैं लेकिन उनके मोहल्ले में साफ सफाई नहीं कराई जाती। इसे लेकर वह नगर पंचायत में कई बार शिकायत कर चुके हैं। इसके बाद भी कोई कर्मचारी मोहल्ले में साफ सफाई के लिए नहीं आता। इसकी शिकायत जिलाधिकारी से करेंगे।