स्मार्ट सिटी योजना के तहत शहर में चल रहे स्मार्ट रोड नेटवर्क के तहत पीलीकोठी चौराहा से महिला थाना सिविल लाइंस तक की सड़क को भी स्मार्ट बनाने का काम चल रहा है। इसके लिए सड़क चौड़ीकरण व रेलिंग लगाने तथा जल निकास के लिए नाला निर्माण का काम भी किया जा रहा है। महिला अस्पताल क्षेत्र के पानी निकास के लिए अंडरग्राउंड नाला निर्माण के लिए बृहस्पतिवार रात महिला चिकित्सालय गेट के ठीक सामने आंबेडकर पार्क साइड की आधी सड़क खोद कर निर्माण कार्य शुक्रवार को शुरू करा दिया गया था। इस कारण पूरे दिन लोग जाम में जूझते रहे थे। अभी भी आधी सड़क में किए गए निर्माण कार्य के कारण दोनों तरफ का यातायात एक साइड से ही गुजर रहा है। इस कारण शनिवार को भी महिला चिकित्सालय गेट पर लोग जाम से जूझते रहे। मुख्य अभियंता ने बताया कि उन्होंने एसपी ट्रैफिक से भी वार्ता कर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मांगा है।