कटघर थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसे मकान बेचने का झांसा देकर 11 लाख 63 हजार रुपये ठप लिए हैं।
कटघर के पीतल नगरी निवासी राहुल यादव ने बताया कि उसने कमला विहार पीतल नगरी में एक मकान का सौदा 19 लाख 7 हजार 500 रुपये में अलियाबाद दौलतपुर निवासी नीना देवी पत्नी महेश सिंह से तय किया था। यह सौदा नीना देवी के भाई कटघर के रफातपुर भैंसिया निवासी सतीश कुमार और रवि ने कराया था। आरोपियों ने राहुल यादव के हक में 14 सितंबर 2023 को एक एग्रीमेंट भी कर दिया था।
पीड़ित ने नीना देवी को 20 अक्तूबर को 5 लाख, 27 अक्तूबर को 1 लाख 63 हजार रुपये ऑनलाइन दिए। इसके अलावा 4 लाख रुपये रवि और आदित्य नकद लेकर गए। इसके अलावा एक लाख रुपये सतीश ने 16 अक्तूबर को नकद लिए। 11 लाख 63 हजार रुपये लेने के बाद आरोपी बैनामा कराने को टाल मटोल करने लगे। थाना प्रभारी तेजवीर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर महिला समेत चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।