मुरादाबाद। मझोला के बुद्धि विहार में बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे प्रोफेसर की पत्नी कल्पना से चेन लूट ली। इस घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार बदमाश खुशहालपुर की ओर भाग गए।
आईएफटीएम में प्रोफेसर अभिषेक मिश्रा का परिवार बुद्धि विहार में रहता है। बुधवार दोपहर उनकी पत्नी कल्पना मिश्रा अपने बेटे उन्मुक्त और हेरम को साथ लेकर स्कूटी से आर्यन इंटरनेशनल स्कूल के सामने स्टेशनरी की दुकान से सामान खरीदने गई थीं। सामान लेकर वह जैसे ही स्कूटी स्टार्ट कर घर लौटने लगीं। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश आ गए। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर महिला के गले से चेन लूट ली। इसके बाद बाइक दौड़ाकर खुशहालपुर की ओर भागे। महिला ने काफी दूर तक बदमाशों की बाइक का पीछा किया, लेकिन सफलता नहीं लिए पाई। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला से पूछताछ के बाद सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई। सीओ सिविल लाइंस अनूप सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।