मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के आशियाना फेज एक स्थित बंद मकान का ताला तोड़कर चोर 50 हजार रुपये नकदी और जेवर ले गए। घटना के समय परिवार रक्षाबंधन का त्योहार मनाने के लिए गांव गया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके का मुआयना कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। अमरोहा जिले के सैदनगली गांव चांदपुर निवासी कपिल कुमार अगवानपुर स्थित शुगर मिल में काम करते हैं और परिवार के साथ आशियाना फेज-1 टीचर्स कालोनी में किराये पर कमरा लेकर रहते हैं। मिलकर्मी रक्षाबंधन मनाने के लिए परिवार के साथ गांव चथा गए थे। मकान मालिक भी अपने गांव चले गए थे। इस बीच मौका पाकर चोरों ने ताला तोड़कर कपिल के कमरे को खंगाला। चोर कमरे से 50 हजार रुपये नकदी और जेवर लेकर चले गए। परिवार जब रक्षाबंधन का त्योहार मनाकर लौटा तो घटना का पता चला। कपिल कुमार ने पुलिस को बताया कि 50 हजार रुपये, सोने की चेन, कुंडल, अंगूठी चोर ले गए। इस मामले में थाना प्रभारी हरीश वर्धन सिंह ने बताया कि चोरी की शिकायत मिली है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने घटना की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। ब्यूरो