कुंदरकी। करीब 15 साल की नाबालिग बेटी की शादी उसकी इच्छा के विरुद्ध कराए जाने का मामला थाने तक पहुंचा है। पुलिस ने आरोपी पिता पर रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। भोजपुर थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने मैनाठेर थाने में तहरीर देकर बताया कि उसका मायका मैनाठेर थाना क्षेत्र के एक गांव में है। आरोप है कि इसी गांव निवासी एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी की शादी 22 जून 2026 को मूंढापांडे थाना क्षेत्र निवासी युवक के साथ कर दी। महिला के अनुसार शादी के समय किशोरी की उम्र करीब 15 वर्ष थी। आरोप है कि किशोरी की इच्छा के विरुद्ध शादी कराई गई और शादी के बदले में लड़के पक्ष से रुपये भी लिए गए। महिला ने पुलिस से मामले की जांच कर नाबालिग का विवाह कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है और साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।