मुरादाबाद। बैंककर्मी युवती की मौत के मामले में सिविल लाइंस पुलिस ने एक युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की है।
अमरोहा जिले के मोहल्ला पुष्पक नगर निवासी प्रतिभा राणा (25) हरथला स्थित एक प्राइवेट बैंक की शाखा में लोन डिपार्टमेंट में तैनात थी। वह करीब डेढ़ साल से इंद्रप्रस्थ काॅलोनी में दीपक के मकान में किराये पर कमरा लेकर रह रही थी। एक अगस्त को प्रतिभा ने अपने कमरे में ही फंदा लगाकर जान दे दी थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था। इस मामले में प्रतिभा के भाई विनीत राणा ने सिविल लाइंस पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके मोहल्ले का पुनीत बहन को परेशान करता था। परिजनों से भी कई बार शिकायत की गई। परिजनों ने प्रतिभा का मुरादाबाद ट्रांसफर करा दिया था लेकिन वह उसे मुरादाबाद में भी आकर परेशान करने लगा। इससे परेशान होकर प्रतिभा ने फंदा लगाकर जान दे दी। इस बारे में एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह का कहना है कि आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। विवेचना के आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी।