मुरादाबाद। मुगलपुरा थानाक्षेत्र में बुधवार रात दो पक्षों में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो नामजद समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज किया है। इस फायरिंग में छर्रे लगने से एक बच्चा घायल हो गया था। नागफनी थाना क्षेत्र निवासी हसनैन बुधवार शाम अपने दोस्त नजमुल के साथ मुगलपरा थानाक्षेत्र के मुफ्ती टोला में पहुंचा था। यहां जीआईसी, रफतपुरा निवासी शब्बू से उसका विवाद हो गया था। उस वक्त लोगों ने दोनों को समझाकर मामला शांत कर दिया था। बुधवार देर रात हसनैन रफतपुरा पहुंच गया। आरोप है कि यहां उसने कई राउंड फायरिंग की। फायरिंग की घटना में एक बच्चा मोहम्मद हसन घायल हो गया। सीओ कोतवाली इंदु सिद्धार्थ ने बताया कि इस मामले में हसनैन, नजमुल और एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। ब्यूरो