मुरादाबाद। सिविल लाइंस थानाक्षेत्र में हुए हादसे में छजलैट निवासी युवक के माैत मामले में पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ केस दर्ज किया है।
छजलैट थाना क्षेत्र के गांव गोपालपुर नत्थानगला उर्फ कोकरपुर निवासी अंजली ने सिविल लाइंस पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके पति राजीव शर्मा 29 जुलाई की सुबह सात बजे शेरुआ चौराहा के पास एक दुकान के सामने बाइक लेकर खड़े थे। इसी समय अगवानपुर चौराहे की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में राजीव शर्मा गंभीर घायल हो गए। पुलिस उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंची। बाद में हालत गंभीर होने पर परिजन कॉसमॉस अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला आरोपी बाइक छोड़कर मौके से भाग निकला। थाना प्रभारी मनीष सक्सेना ने बताया कि अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। ब्यूरो