कुंदरकी। थाना परिसर में खनन को लेकर किए धरना प्रदर्शन के दौरान पुलिस के बीच वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में स्थानीय एक भाकियू नेता के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दरोगा अंकुर कुमार तेवतिया ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह क्षेत्र में गश्त कर रहे थे तभी कुछ लोगों ने जानकारी दी कि कुंदरकी थाना क्षेत्र के ही ग्राम ढकिया जुम्मा निवासी राकिब द्धारा लोगों में अपना रूतबा दिखाने के उददेश्य से थाना परिसर में बीते 13 नवंबर को को पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के बीच में वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल की गई। आरोप है कि राकिब द्धारा थाना परिसर में आकर अपनी नाजायज मांगे पुलिस से मनवाने के लिए दबाव बनाते हुए धरना प्रदर्शन करने का प्रयास किया गया। साथ ही पुलिस प्रशासन के विरूद्ध अपशब्दों का प्रयोग करते हुए धमकियां दी गईं। आरोपी के इस कृत्य के कारण पुलिस के कार्य में बाधा आई और जनता में पुलिस की छवि धूमिल हुई है। थाना प्रभारी जसपाल सिंह ग्वाल का कहना है कि मुकदमे की विवेचना कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।