ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद)।
पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर राइस मिल के विवाद में गांव बैजनाथपुर निवासी मनोज कुमार, उनकी पत्नी और पिता के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है।
उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के आईटीआई काशीपुर थाना क्षेत्र निवासी सुमेर कौशिक ने कोर्ट में दायर याचिका में बताया कि चार मई 2020 को उसकी मुलाकात ठाकुरद्वारा के गांव बैजनाथपुर निवासी मनोज कुमार से हुई थी। इस दौरान मनोज से उसे महादेव राइस मिल असलेमपुर में पार्टनरशिप की पेशकश की थी। दोनों के बीच 50 प्रतिशत पार्टनरशिप की बात हुई थी और 26 सितंबर 2020 को पार्टनरशिप हो गई थी। जिसमें मनोज कुमार, उनकी पत्नी किरन कुमारी और पिता ओमप्रकाश शामिल थे। सुमेर ने बताया कि कुछ दिन बाद ही वह पार्टनरशिप से अलग हो गया था, लेकिन इसके बावजूद सरकारी राशि हड़पने में उसके व मनोज सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। हालांकि मामले की जांच में उसे क्लीनचिट मिल गई थी। सुमेर का आरोप है कि तीनों आरोपियों ने ने उसके फर्जी हस्ताक्षर कर उसके साथ धोखाधड़ी की है। जिसकी शिकायत उसने पुलिस से की, लेकिन कार्रवाई न होने पर उसे कोर्ट में याचिका दायर की। अब पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मनोज कुमार, उसकी पत्नी किरन कुमारी और पिता ओमप्रकाश के खिलाफ धोखाधड़ी में रिपोर्ट दर्ज की है।