भगतपुर टांडा निवासी एक महिला की मौत के लगभग ढाई महीने बाद आठ आरोपियों के विरुद्ध दहेज हत्या करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
उत्तराखंड के जनपद ऊधमसिंह नगर के थाना कुंडा क्षेत्र के एक गांव निवासी मुनव्वर के अनुसार उसने 21 मार्च 2021 को अपनी पुत्री आसमा की शादी भगतपुर टांडा निवासी एक युवक के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसकी पुत्री के ससुराल वाले कम दहेज का ताना देकर मारपीट करते थे। मुनव्वर के अनुसार, ढाई माह पूर्व उसे सूचना मिली कि उसकी पुत्री की तबीयत खराब है, जिसके बाद उसे उपचार के लिए ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान आसमा की मौत हो गई। मुनव्वर का कहना है कि बेटी के मौत से वह काफी गमजदा थे जिसके चलते वह कोई कार्रवाई नहीं कर पाए। लेकिन बाद में उसे एहसास हुआ कि उसकी बेटी को जहर दिया गया था, जिससे उसकी तबियत खराब हुई। इस संबंध में मुनव्वर ने अपनी पुत्री के ससुराल वालों के विरुद्ध दहेज हत्या का आरोप लगाकर प्रार्थना पत्र दिया। जिस पर भगतपुर पुलिस ने मृतका के पति इरफान समेत आठ आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।