मंडी धनौरा। रविवार को बरात में हुए विवाद के बाद की गई फायरिंग की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए दो पक्षों के आठ लोगों के खिलाफ बलवा व जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। रिपोर्ट डींगरा चौकी इंचार्ज शेर सिंह थापा की ओर से दर्ज कराई गई है।
गौरतलब है कि रविवार को कुआखेड़ा निवासी सरताज अली की बेटी की शादी के दौरान गांव के ही मोहम्मद साद व महेशरा निवासी नाजिम के बीच मारपीट हो गई थी। आरोप है कि मोहम्मद साद द्वारा की गई फायरिंग में दो युवक घायल हो गए थे। पुलिस द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक एक पक्ष की ओर से कुआखेड़ा गांव निवासी मोहम्मद शाद, अजहर, समीर, मुशीब व दूसरी ओर से शकील निवासी कालाखेड़ा, शाहनबाज ग्राम डींगरा, अकबर अली निवासी दौलतबाग मुरादाबाद व हारिश उर्फ आसिम निवासी महेशरा थाना रजबपुर लाठी डंडों से मारपीट व जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर रहे थे। निरीक्षक दिनेश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ बलवा, जानलेवा हमला व मारपीट आदि की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। संवाद