मुरादाबाद। अंखड सुहाग का त्योहार करवाचौथ पर सुहागिनों ने चलनी की ओट से अपने पति का दीदार किया। पति की लंबी आयु के लिए प्रार्थना की। व्रत की कथा सुनी और पति के हाथों से पानी पीकर व्रत खोला।
दिनभर व्रत की तैयारियों और एक-दूसरे को शुभकामनाएं देने का सिलसिला रहा और शाम ढलते ही चंद्रमा का इंतजार होने लगा था। मां-चाची, भाभी के लिए बच्चे कई बार छत पर देखने गए थे कि चंद्रमा निकला या नहीं। जैसे ही रात में चंद्रमा के दर्शन हुए चारों तरफ चंद्रमा निकल आया की पुकार होने लगी। साज-शृंगार कर महिलाओं ने चंद्रमा के दर्शन कर व्रत पूरा किया। युवा जोड़ों के बीच सरप्राइज गिफ्ट का आकर्षण रहा।
गीता ज्ञान मंदिर लाजपत नगर, आवास विकास, बुद्धि विहार, नवीन नगर, लाइनपार, रामगंगा विहार आदि क्षेत्रों में सुहागिनों ने एक-दूसरे के साथ करवा बदले और पूूजा-अर्चना की। गीता ज्ञान मंदिर में मुख्य पुजारी पंडित ने करवाचौथ की कथा सुनाई। भजन-कीर्तन कर महिलाओं ने बुजुर्गों के पैर छूकर सौभाग्यवती रहने का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर पतियों ने भी हर कदम पर साथ निभाने का वादा किया।