रेलवे स्टेशन पर एक बच्चे से बात करता दिखा छात्र
बच्चे के लापता होने के बाद पुलिस और एसओजी उसकी तलाश में जुट गई। पुलिस ने कोचिंग सेंटर से लेकर रेलवे स्टेशन तक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। बच्चा रेलवे स्टेशन तक अकेला ही जाता दिख रहा है। उसकी पीठ पर स्कूल बैग है।
रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म एक पर शाम 5:11 बजे छात्र सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दिया। उसने स्टेशन की कैंटीन से सामान खरीदा। इसके बाद एक अन्य बच्चे से बात की। दूसरे बच्चे की पीठ पर भी बैग है, लेकिन उसके पैरों में चप्पल नहीं हैं।
पांच रेल मार्गों पर बच्चे की तलाश में निकले परिजन और पुलिस
छात्र को अंतिम बार मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर देखा गया। इसके बाद उसकी लोकेशन नहीं मिल रही है। मुरादाबाद रेलवे स्टेशन से एक रूट बरेली, दूसरा काशीपुर-रामनगर, तीसरा चंदौसी, चौथा दिल्ली और पांचवां हरिद्वार जाता है। परिवार के लोग और पुलिस टीमें पांचों मार्ग पर बच्चे की तलाश में निकली हैं।
मां का रो-रोकर बुरा हाल
मंगलवार को लापता बच्चे का दूसरे दिन भी सुराग नहीं लग पाया। इससे परिजन परेशान हैं। लापता वेदांश की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस के साथ ही परिजन भी बच्चे की तलाश में जुटे हैं।