मुरादाबाद। कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने एक व्यापारी के खिलाफ छेड़खानी और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है। पीड़ित महिला ने कोतवाली में दर्ज कराए केस में बताया कि मालवीय नगर निवासी व्यापारी अभिषेक उर्फ आशू सिक्का उसके घर पति से मिलने आया था। उसने पति से कहा कि वह ब्याज पर बाजार में रुपये देने का कम करता है। उसने महिला के पति से 12 लाख रुपये उधार ले लिए। आरोपी ने जल्द ही रुपये वापस करने का दावा किया था। हालांकि कुछ दिन बाद पांच लाख वापस कर दिए थे लेकिन बाकी सात लाख रुपये नहीं दिए। बार बार तगादा करने पर टाल मटोल करने लगा।
28 सितंबर को आशू सिक्का ने महिला के पति से चड्डा सिनेमा पर कार मंगवा ली थी। यहां आरोपी ने कार छीन ली। इसके बाद स्कूटी भी ले ली थी। महिला अपनी स्कूटी लेने आरोपी के घर गई थी। आरोप है कि यहां उसके साथ मारपीट की गई और छेड़खानी की गई। पति ने बचाने का प्रयास किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। सीओ कोतवाली देश दीपक सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर केस दर्ज किया जाएगा। उधर, आरोपी आशू सिक्का ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है