दिल्ली रोड पर शुक्रवार दोपहर दो बजे चाइनीज मांझे से बीटेक छात्रा अंशिका (22) की गर्दन कट गई। हादसे के समय वह दिल्ली रोड पर जा रही थी। छात्रा को गंभीर हालत में कॉसमॉस अस्पताल में भर्ती कराया है।
सिविल लाइंस निवासी अधिवक्ता अजय बंसल की बेटी अंशिका ने चंडीगढ़ विश्व विद्यालय से बीटेक किया है। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे अंशिका स्कूटी से दिल्ली रोड पर किसी काम से जा रही थीं। अभी इनकी स्कूटी लोकोशेड पुल पर ही पहुंची थी कि अचानक छात्रा के गले में चाइनीज मांझा फंस गया। अंशिका जब तक कुछ समझ पाती मांझा उनके गले में गहरा घात कर चुका था। वह लहूलुहान हो गई। उन्होंने किसी तरह स्कूटी रोकी और वह खुद ही साईं अस्पताल पहुंच गई और फोन पर अपनी छोटी बहन को सूचना दी। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंच गए। तब छात्रा बेहोश हो चुकी थी। इसके बाद परिजन छात्रा को कॉसमॉस अस्पताल ले गए। यहां भर्ती कर लिया गया है और शनिवार को छात्रा का ऑपरेशन किया जाएगा।
चाइनीज मांझे की बिक्री पर नहीं लग रही रोक, जा चुके हैं कई जान
सुप्रीम कोर्ट के सख्त आदेश हैं कि चाइनीज मांझे की बिक्री नहीं होनी चाहिए बावजूद इसके शहर में गली मोहल्ले में बिक्री हो रही है। शहर में चाइनीज मांझे से पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। दो साल के एक बच्चे की जान जा चुकी है। इसके अलावा एक व्यापारी भी अपनी जान गंवा चुका है। तमाम लोग तो चाइनीज मांझे के कारण घायल हो चुके हैं।