मुरादाबाद। कुंदरकी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बसपा प्रत्याशी रफतउल्ला खां उर्फ नेता छिद्दा ने बुधवार को अपना नामांकन दाखिल किया। दावा किया कि इस बार लोगों के सहयोग से कुंदरकी सीट बसपा ही जीतेगी। दो बार पहले भी पार्टी के इस सीट पर जीत मिल चुकी है। अब नामांकन में सिर्फ दो दिन बाकी हैं, लेकिन अभी तक भाजपा और सपा ने प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं। अब तक कुल 52 पर्चे बिक चुके हैं, लेकिन सिर्फ दो ही नामांकन दाखिल हुए हैं।
बसपा प्रत्याशी रफतउल्ला पार्टी पदाधिकारियों और समर्थकों के साथ बुधवार को आंबेडकर पार्क में इकट्ठा हुए। यहां से समर्थकों के साथ बसपा प्रत्याशी कलक्ट्रेट के गेट तक गए तो पुलिस ने अधिक लोगों को अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद बसपा प्रत्याशी पांच लोगों के साथ अंदर नामांकन के लिए गए। एक घंटे में नामांकन प्रक्रिया पूरी करने के बाद बसपा प्रत्याशी बाहर निकले।
इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के सामने जीत का दावा किया। बसपा प्रत्याशी के साथ पूर्व सांसद गिरीश चंद, मुख्य सेक्टर प्रभारी जाफर मलिक और डॉ. रणविजय सिंह, निर्मल सागर, जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
बसपा प्रत्याशी से पहले मंगलवार को आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी चांद बाबू भी नामांकन कर चुके हैं।अभी किसी अन्य दल या निर्दलीय प्रत्याशी की ओर से कोई नामांकन नहीं करवाया गया है। नामांकन की आखिरी तारीख 25 अक्तूबर है। 13 नवंबर को मतदान और 23 नवंबर को मतगणना है।