मुरादाबाद। अभी आधा मार्च भी नहीं बीता है कि चटख धूप की वजह से गर्मी का अहसास शुरू हो गया है। पिछले दो दिनों में तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की वजह से तापमान 30 डिग्री से अधिक हो गया। आने वाले दिनों में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
बुधवार सुबह से ही मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर शुरू हो गया था। कभी चटख धूप निकलती तो कभी हल्के बादल आ जाते। शाम तक ऐसा ही मौसम बना हुआ था। मौसम विज्ञान विभाग के डाटा संग्रह केंद्र के अधिकारियों के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में .2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। यह तापमान सामान्य स्तर से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। सुबह वातावरण में नमी 68 फीसदी और न्यूनतम तापमान 35 फीसदी दर्ज की गई। हवा की गति पूरब से पश्चिम दिशा में दस से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रही।
पंतनगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह का कहना है कि आगामी दिनों में मौसम साफ रहेेगा। अब तापमान में और बढ़ोतरी होगी। सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी बनी रहेगी। न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच में रहेगा। इस तरह का मौसम होने की पहले से ही उम्मीद थी।