मुरादाबाद के दलपतपुर निवासी व्यक्ति ने अपनी बेटी की शादी हयातनगर निवासी युवक के साथ अक्तूबर 2022 में तय की थी। विवाह के लिए सात फरवरी की तारीख तय हुई थी। दुल्हन पक्ष ने हयातनगर आकर ही शादी करने की बात कही थी। इसके लिए एक मैरिज हॉल बुक कर लिया गया था। मंगलवार की दोपहर दो बजे दुल्हन पक्ष के लोग मैरिज हॉल पहुंच गए। इस दौरान उन्हें खाना तैयार नहीं मिला तो हंगामा हुआ। दूल्हा पक्ष का कहना है कि शाम को चार बजे बुलाया गया था। शाम का खाना ही तय हुआ था, इसलिए दोपहर में खाना तैयार नहीं किया गया था।
आरोप है कि दुल्हन पक्ष से 150 लोग आना तय हुए थे, लेकिन वह समय से पहले आए और 200 लोग लेकर आए। हंगामा बढ़ा तो जिम्मेदार लोगों ने हंगामा शांत करा दिया। रात साढ़े नौ बजे जब घुडचढ़ी की रस्म चल रही थी। इसी दौरान फिर से हंगामा शुरू हो गया। हंगामा बढ़ने के साथ ही मारपीट हुई। दूल्हा और दुल्हन पक्ष के लोगों ने एक दूसरे के साथ जमकर मारपीट की। हयातनगर थाने पहुंचकर दुल्हन पक्ष ने दहेज में एक लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है।
इस मामले में देर रात से बुधवार की दोपहर तक पंचायत हुई लेकिन समझौता नहीं हुआ। दुल्हन पक्ष ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया है। दूल्हा और दुल्हन को भी पीटने का आरोप दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लगाया है। वहीं थाना प्रभारी कर्म सिंह पाल का कहना है कि तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।