बिलारी। पीपली चक गांव में ईंट भट्ठा मजदूर को गायब करने और धमकाने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। थाना मूढापांडे के मिलक बूजपुर गांव निवासी नजाकत की ओर से बृहस्पतिवार शाम थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा गया है कि उसका बेटा फहीम काफी समय से पीपली चक गांव के ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर रहा है। भट्ठा मालिक पर उसके बेटे के मजदूरी के 60 हजार रुपये बकाया हैं जब बेटे ने भट्ठा मालिक से अपने उधार के रुपये मांगे तब भट्ठा मालिक और उसके सहयोगियों ने उसकी बाइक छीन ली और भट्ठे पर बंधक बनाकर उसके साथ दुर्व्यवहार किया तथा जान से मारने की धमकी दी। मजदूर के पिता के अनुसार कि बीती एक जुलाई की रात आठ बजे उसके बेटे ने घर फोन करके पूरी घटना बताई। अगले दिन दो जुलाई को थाना बिलारी पहुंचकर पुलिस से शिकायत की तथा तीन जुलाई को ईंट भट्ठे पर पहुंचकर भट्ठा मालिक से अपने गायब हुए बेटे के बारे में जानकारी मांगी। मजदूर के पिता नजाकत का आरोप है कि ईंट भट्ठे पर मौजूद हाफिज नादिल, शमशुददीन और जुबैर ग्राम अहमदनगर जैतबाड़ा थाना कुंदरकी तथा महेंद्र ठेकेदार ग्राम मोहनपुर थाना कुंदरकी ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि हमने तेरे बेटे को बंधक बनाकर रखा है तू जो चाहे कर ले हम डरने वाले नहीं हैं। थाना बिलारी प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि भट्ठा मजदूर के पिता की तहरीर के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और भट्ठा मजदूर के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।