पाकबड़ा(मुरादाबाद)। भाड़ली गांव में विद्युत निगम की विजिलेंस टीम और ग्रामीणों के बीच मारपीट और पथराव हो गया। विजिलेंस टीम बिजली चोरी की सूचना पर गांव में पहुंची थी। ग्रामीणों का आरोप है कि टीम ने एक युवक को दो मंजिला मकान की छत से नीचे फेंक दिया। साथ ही दो महिलाओं और एक युवक के साथ मारपीट की। इसके बाद पथराव शुरू हो गया।
दूसरी ओर विजलेंस टीम के मुताबिक चेकिंग से बचने के लिए ग्रामीणों ने पथराव किया। युवक घर की छत पर खड़ा था, जबकि टीम नीचे खड़ी थी। युवक पैर फिसलने के कारण छत से गिरा और ग्रामीणों ने इसका आरोप टीम पर मढ़ दिया। विजिलेंस के इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि ग्रामीणों ने टीम पर हमला किया। बमुश्किल सभी सदस्य वहां से जान बचाकर भागे। आरोप है कि ग्रामीणों ने सरकारी वाहन पर भी पत्थर बरसाए, जिससे गाड़ी का शीशा टूट गया। पाकबड़ा थाने की पुलिस ने युवक समेत अन्य घायलों को जिला अस्पताल भेजा है।