रामपुर में नगर निकाय चुनाव में ओबीसी आरक्षण तय करने के लिए गठित आयोग ने जिलों का दौरा करना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश राज्य स्थानीय निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति राम औतार सिंह और आयोग के सदस्य बृजेश कुमार सोनी रविवार को रामपुर आएंगे।
वो दोपहर लगभग एक बजे कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा अगर किसी को निकाय चुनाव में आरक्षण को लेकर कोई राय देनी हो तो वह लिखित या मौखिक रूप में अवगत करा सकता है।
इसके अलावा पूर्व पालिकाध्यक्षों और नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्षों सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी अपनी राय उनको दे सकेंगे। बैठक में रैपिड सर्वे को लेकर चर्चा की जा सकती है। सभी जिलों को नगर निकायों के निर्वाचन से जुड़ी सभी सूचनाएं भी आयोग के के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी।
अन्य पिछड़ा वर्ग की राजनीतिक भागीदारी, निकायों की कुल जनसंख्या व अन्य पिछड़ा वर्ग की जनसंख्या से संबंधित सूचनाएं भी उपलब्ध कराई जाएगी। जिले की 11 निकायों के 231 वार्डों में चुनाव होना है। जिले की सभी निकायों की बोर्ड का कार्यकाल समाप्त हो चुका है।