भगतपुर(मुरादाबाद)। बुढ़ानपुर-अलीगंज में बुधवार को विद्युत पोल पर काम करते समय करंट की चपेट में आकर झुलसे संविदा लाइनमैन मुजफ्फर हुसैन की हालत गंभीर है। बृहस्पतिवार को काफी संख्या में ग्रामीण बिजलीघर पहुंचे और आरोपी कर्मचारी पर कार्रवाई व पीड़ित को आर्थिक मदद देने की मांग की। फत्तेहपुर निवासी मुजफ्फर हुसैन बुढ़ानपुर अलीगंज बिजलीघर पर संविदा लाइनमैन है। बुधवार की दोपहर को वह विलावाला बुढ़ानपुर लाइन का शटडाउन लेकर पोल पर चढ़कर फाल्ट ठीक कर रहा था। अचानक लाइन में विद्युत सप्लाई चालू हो गई, जिससे वह करंट की चपेट में आकर झुलस गया। परिजन उसे लेकर सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया। जहां पर उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। बृहस्पतिवार को काफी संख्या में ग्रामीण बिजलीघर पहुंचे और घटना के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक कर्मचारी पर लापरवाही का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की। साथ ही घायल को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग भी की।