फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: भाकियू ने निकाली ट्रैक्टर रैली, कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद।
विज्ञापन

भाकियू ने बुधवार को ट्रैक्टर रैली निकालकर कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिकारियों ने किसानों की बिजली और सड़कों की समस्याएं सुनीं और उनका निस्तारण करने का आश्वासन दिया।
भाकियू (टिकैत) के जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी के नेतृत्व में बुधवार को संगठन के पदाधिकारी ट्रैक्टरों के साथ सिविल लाइंस स्थित आंबेडकर पार्क पहुंचे। इसके बाद कलक्ट्रेट तक जुलूस के रूप में गए और धरना शुरू कर दिया। कुछ पदाधिकारी कलक्ट्रेट तक ट्रैक्टर लेकर पहुंच गए। जिलाध्यक्ष ने अधिकारियों से पहले की समस्याओं पर वार्ता करने का प्रस्ताव रखा। इसके बाद विद्युत विभाग के तीनों अधिशासी अभियंता, एसओसी चकबंदी, पीडी, एसडीएम सदर, लोनिवि के अधिशासी अभियंता धरना स्थल पर पहुंचे।
विज्ञापन

किसानों ने बताया कि डींगरपुर -कुंदरकी मार्ग काफी खराब हो गया है। उसे शीघ्र बनाया जाए। इस मामले में अभियंताओं ने तत्काल गड्ढों को भरने का आश्वासन दिया और शासन से धन मंजूर होने पर सड़क बनाने का भी भरोसा दिया। विद्युत मीटरों की जंपिंग का भी मुद्दा किसानों ने उठाया। इस मामले में अभियंताओं ने एक मशीन लगाने का आश्वासन दिया। भाकियू पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन को राष्ट्रपति को संबोधित 15 सूत्री ज्ञापन सौंपा।
विज्ञापन

किसान नेताओं के जाने के बाद जिला प्रशासन के अधिकारियों ने राहत की सांस ली। ज्ञापन में मूल्य वृद्धि पर नियंत्रण रखने, भोजन, दवाओं, कृषि, मशीनरी जैसी आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी हटाने, पेट्रोलियम उत्पादों और रसोई गैस पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क में कमी करने की मांग की गई थी। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, दिव्यांगों, खिलाड़ियों को रेलवे द्वारा कोविड के बहाने वापस ली गई रियायतें बहाल करने, सभी के लिए मुफ्त शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी और स्वच्छता के अधिकार की गारंटी, नई शिक्षा नीति, 2020 को रद्द करने, आवास देने, वन अधिकार कानून का कड़ाई से पालन करने समेत कई मांगें रखी गईं। धरना प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष के साथ, डॉ. नौ सिंह, यशपाल सिंह, ऋषिपाल सिंह, यशपाल सिंह, शुभम राठी, डॉ.चरन सिंह, निशांत चौधरी आदि किसान नेता मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें