ठाकुरद्वारा। भाजपा ने नगर पालिका के बोर्ड की बैठक में नजूल की भूमि पर बनी दुकानों को नीलाम करने के प्रस्ताव का विरोध किया।
इस संबंध में भाजपा के नगर मंडल अध्यक्ष दीपक वाल्मीकि, उपाध्यक्ष डॉ आफताब हाशमी ने एसडीएम को ज्ञापन देकर कहा कि नगर पालिका की बोर्ड की बैठक में नगर पालिका ने सरकारी अस्पताल के पास बनी दुकानों को नीलाम करने का प्रस्ताव पारित किया है। उनका कहना है कि यह प्रस्ताव शासनादेश और डीएम के 26 दिसंबर 2015 को जारी आदेश का उल्लंघन है। आदेश में अवैध कब्जे, फ्री होल्ड अथवा नियमित करने पर रोक लगी है। उन्होंने बैठक में पारित प्रस्ताव को निरस्त करने की मांग की। इस संबंध में डीएम को भी ज्ञापन की प्रति भेजी गई है। इस बारे में नगर पालिका अध्यक्ष मोहम्मद इरफान सैफी का कहना है कि सरकारी अस्पताल के पास नगर पालिका ने वर्ष 2016 में 25 दुकानों का निर्माण कराया था। विवाद के कारण दुकानों की नीलामी नहीं हो सकी थी। उनका कहना है कि अब कोई विवाद नहीं है। अध्यक्ष का कहना है कि दुकानें नजूल की भूमि पर नहीं बनी है। अध्यक्ष के अनुसार यह भूमि बंजर भूमि है जिस पर नगरपालिका का अधिकार होता है। प्रस्ताव के अनुसार दुकानों की नीलामी की कार्रवाई नियम अनुसार की जाएगी। संवाद