बिलारी। स्थानीय लक्ष्मी जी चीनी मिल पर बीते सीजन के गन्ना मूल्य के दो गन्ना समितियों के लगभग 46 करोड़ रुपये अभी भी बकाया हैं।
समिति के विशेष सचिव आर के पाठक और गन्ना परिषद बिलारी के गन्ना निरीक्षक संजीव कुमार से बृहस्पतिवार दोपहर कुछ किसान संगठनों के पदाधिकारियों ने गन्ना मूल्य भुगतान के बारे में जानकारी ली। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि बिलारी चीनी मिल पर अभी भी किसानों के गन्ना मूल्य के रूप में बिलारी समिति क्षेत्र के लगभग 42 करोड़ और मुरादाबाद समिति क्षेत्र के लगभग चार करोड़ रुपये बकाया हैं। समिति सचिव ने बताया कि बिलारी चीनी मिल प्रबंधन ने तहसील प्रशासन के सामने यह लिखित आश्वासन दिया है कि चीनी मिल द्वारा प्रतिमाह गन्ना मूल्य के सात करोड़ रुपये गन्ना समिति के खाते में भेजे जाएंगे लेकिन वर्तमान जुलाई माह समाप्त होने में केवल एक सप्ताह का समय है और अभी तक केवल एक करोड़ 80 लाख रुपये का भुगतान ही चीनी मिल ने किया है। बिलारी और मुरादाबाद दोनों गन्ना समितियों से जुड़े किसानों के गन्ना मूल्य के लगभग 46 करोड़ रुपये बकाया रह गए हैं।