दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर मनकरा मोड के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार रामपुर निवासी शादाब की मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा घायल हो गया।
रामपुर जनपद के गंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला गूजर टोला घेर रहमत खां निवासी शादाब (28) कुक का काम करता था। परिवार में पत्नी नगीना और पांच माह की बेटी आफिया है। शादाब के चाचा मोहम्मद शौकत ने बताया कि सोमवार रात शादाब के पड़ोस से बरात मुरादाबाद गई थी। शादाब अपने भतीजे रहीम के साथ बाइक पर सवार होकर बरात में शामिल होने गया था।
चाचा-भतीजे मूंढापांडे थाना क्षेत्र में मनकरा मोड के पास पहुंचे। इसी दौरान पीछे से किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक चला रहे शादाब की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रहीम घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। एसएचओ मूंढापांडे शैलेंद्र कुमार ने बताया कि मंगलवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। शादाब के चाचा शौकत की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।