अमरोहा जिले के आदमपुर थाना इलाके के गारवपुर गांव के निकट लकड़ी से लदे ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन बहनों के इकलौते भाई की मौके पर मौत हो गई। मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सैदनगली थाना क्षेत्र के ग्राम सैदरा मिलक निवासी अरविन्द कुमार (25) पुत्र विजयपाल मंगलवार की रात लगभग 10 बजे बाइक से हसनपुर में अपने बहन के घर से वापस अपने गांव लौट रहा था। ढबारसी-उझारी मार्ग पर आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव गारवपुर के निकट विपरीत दिशा से आ रही लकड़ी से लदे ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर मारने के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर को लेकर फरार हो गया। हादसे में अरविंद के सिर में गहरी चोट होने की वजह से मौके पर मौत हो गई। अरविंद को सड़क के किनारे पड़ा देख राहगीरों ने परिजनों को सूचना दी। जिससे परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर आदमपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी को लेकर जमकर हंगामा किया। पुलिस के कार्रवाई करने के आश्वासन पर ग्रामीण सोंग्स हुए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अरविंद तीन बहनों का इकलौता भाई था।
भाई की मौत से बहन पिंकी, किरन व रोशनी का रो रो कर बुरा हाल है। अरविंद की शादी डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी लेकिन कोई संतान नहीं थी। मृतक के पिता ट्रैक्टर चालक के खिलाफ थाने में कार्रवाई के लिए तहरीर दी है। थाना प्रभारी राम प्रकाश शर्मा का कहना है कि जल्द ही मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।