बिलारी (मुरादाबाद)।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार शाम तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार अजीत सिंह (28) की मौत हो गई। हादसा नगर से करीब एक किलोमीटर दूर हुआ।
मैनाठेर थाना क्षेत्र के गांव संदलपुर निवासी अजीत सिंह पुत्र मुनिराज सिंह शनिवार शाम करीब सात बजे बाइक से कुंदरकी से बिलारी आ रहा था। जैसे ही वह बिलारी नगर से एक किलोमीटर पहले अनिल फॉर्म हाउस के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे ट्रैक्कर-ट्रॉली ने बाइक सवार को रौंद दिया। जिसके चलते वह बाइक सहित सड़क पर गिर गया। आसपास के लोगों के कहना है कि हेलमेट न पहने होने की वजह से उसके सिर में ज्यादा चोट आई। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर सहित भाग गया। मृतक अजीत सिंह किसान था। परिवार में माता-पिता के अलावा बड़ा भाई अरविंद सिंह और तीन छोटी बहनें हैं। मृतक की अभी शादी नहीं हुई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।