कार की टक्कर से बाइक सवार सुरजन नगर निवासी विकास कुमार (30) की मौत हो गई। हादसा शनिवार रात बिजनौर जिले के थाना अफजलगढ़ थाना क्षेत्र में सुआवाला जसपुर मार्ग पर शेरगढ़ मोड़ के पास हुआ। हादसे के बाद चालक कार सहित भाग गया।
सुरजन नगर निवासी विकास कुमार उर्फ विक्की शनिवार शाम करीब सात बजे बाइक से पत्नी को लेने के लिए बिजनौर जिले के कादराबाद स्थित अपनी ससुराल जा रहा था। जब वह शेरगढ़ मोड़ के पास पहुंचा तो अज्ञात कार ने बाइक में टक्कर मार दी।
जिससे वह बाइक सहित सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा। रविवार सुबह जब आसपास के गांव के लोग वहां से गुजरे तो उन्होंने सड़क किनारे क्षतिग्रस्त बाइक और शव पड़ा देखा। इस पर उन्होंने पुलिस को इसकी पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कराकर उसके परिजनों की इसकी जानकारी दी और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। उधर, पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचने पर परिजनों ने गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था विकास
विकास कुमार पुलिस में भर्ती होने के लिए तैयारी कर रहा था। मृतक ने अपने पीछे पत्नी सुजाता व एक साल के बच्चे को छोड़ा है। विकास की मौत से उसके भाई सत्येंद्र कुमार पत्नी और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। अफजलगढ़ कोतवाली इंचार्ज ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।